-यूपी, बिहार, गुजरात सहित छह राज्यों से 60 स्त्री-पुरुष खोजने आए जीवन का सहारा
-50 प्लस अनुबंध फाउन्डेशन ने किया सीनियर सिटीजंस के लिए नि:शुल्क परिचय सम्मेलन
न्यूज़ स्ट्रोक
आगरा, 29 अगस्त। 50 प्लस अनुबंध फाउंडेशन द्वारा सोमवार को फतेहाबाद रोड स्थित होटल स्विस ग्रांड में सीनियर सिटीजन्स के लिए नि:शुल्क परिचय सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में आगरा, मथुरा, अलीगढ़, मेरठ, फिरोजाबाद, गुडग़ांव के अलावा दिल्ली, जयपुर, मुंबई, भरतपुर और मेहसाणा (गुजरात) सहित छह राज्यों के 50 से 80 वर्ष के आयु वर्ग में 60 स्त्री-पुरुषों ने जीवन का सहारा खोजने के लिए सहभागिता की।
मंच से सबकी जाति, आयु, शिक्षा, पारिवारिक पृष्ठभूमि, आय, वैवाहिक स्थिति आदि का संपूर्ण परिचय दिया गया। उम्र के इस पड़ाव पर जीवन के उत्तरार्ध में अकेलापन दूर करने की इस मुहिम को सबकी सराहना मिली।
इससे पूर्व, पूर्व विधायक महेश गोयल, समाजसेवी भगवानदास बंसल सेवला और अनुबंध फाउंडेशन के संस्थापक नटूभाई पटेल (अहमदाबाद) ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर सम्मेलन का उद्घाटन किया। इस दौरान हेल्प आगरा के मुकेश जैन और रवि बंसल भी मौजूद थे। अध्यक्ष जगदीश मित्तल, महासचिव विजित गुप्ता और पूजा बंसल ने संचालन किया। सम्मेलन के विशिष्ट अतिथि भगवान दास बंसल (सेवला) ने कहा कि अकेलापन जिंदगी को खोखला कर देता है। इससे डिप्रेशन बढ़ता है। उम्र के हर पड़ाव पर जीवन साथी बेहद जरूरी है। विशिष्ट अतिथि समाजसेवी मुकेश जैन ने कहा कि यह एक अच्छी पहल है। सत्यमेव जयते संस्था भी इस दिशा में अनुबंध फाउंडेशन की पूरी मदद करेगी। उल्लेखनीय है कि नटूभाई पटेल अनुबंध फाउंडेशन के बैनर तले अब तक 188 लोगों की शादी करवा चुके हैं। यह उनके निर्देशन में 70 वां परिचय सम्मेलन है।
सम्मेलन के अंत तक महिलाओं की हिचक नहीं टूटी। परिचय सम्मेलन में 50 पुरुषों और 15 महिलाओं ने रजिस्ट्रेशन करवाया था। पुरुष तो सभी आए लेकिन महिलाएं केवल आठ ही आईं। यही नहीं कार्यक्रम स्थल पर भी महिलाएं फोटो खिंचवाने और मीडिया कवरेज से हिचकती रहीं।


0 Comments