Image

मांगें पूरी ना होने पर जलकल नगर निगम कर्मचारी संघ में आक्रोश, दिया ज्ञापन



आगरा, 24 मई (न्यूज़ स्ट्रोक)। जलकल नगर निगम कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने अपनी  सात सूत्रीय मांग पूरी ना होने पर गहरा आक्रोश जताया है। साथ ही इनकी जल्द पूरा ना होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
 गौरतलब है कि कर्मचारी संघ ने एक पत्र के माध्यम से कर्मचारियों की आवाज उठाई थी। जलकल विभाग के महाप्रबंधक ने कर्मचारी नेताओं को इन  मांगों के समुचित समाधान का आश्वासन दिया था। करीब 23 दिन बाद सचिव प्रबंधक के निर्णय की प्रति आने के बाद कर्मचारी नेताओं में आक्रोश है। कर्मचारी नेताओं का कहना है कि जलकल विभाग प्रशासन कर्मचारियों की समस्याओं के प्रति गंभीर नहीं है। ऐसे में कर्मचारी नेताओं ने जल्द मांग पूरी ना होने पर कर्मचारियों के हित में आंदोलन की चेतावनी दी है।
संगठन के अध्यक्ष रजनीश शर्मा, उपाध्यक्ष चौधरी चरणजीत सिंह, चौधरी राकेश सिंह और सचिव ललित दक्ष ने संयुक्त रूप से कहा कि कई बार कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है लेकिन अधिकारी समस्याओं के समाधान के प्रति बिल्कुल भी जागरूक नहीं है। कर्मचारी नेताओं की प्रमुख मांग थी कि वरिष्ठता क्रम के आधार पर पदों का कार्य आवंटन किया जाए। इस बिंदु पर सचिव द्वारा सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जा सका। 
कर्मचारी नेताओं ने कार्यरत कर्मचारियों एवं पेंशनरों को कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई थी। इसके अलावा जोन टू और जोन 3 कार्यालय में फर्नीचर और पानी की व्यवस्था को लेकर भी ज्ञापन दिया गया था। अब सभी मांगे पूरी ना होने पर कर्मचारी नेताओं में बेहद आक्रोश है। आगामी दिनों में कर्मचारी नेताओं का यह आक्रोश आंदोलन के रूप में सामने आ सकता है। संघ के नेताओं में एक और ज्ञापन देकर इन मांगों को जल्द से जल्द पूरा करने की मांग की है।
इस मौके पर सह सचिव गौरव गुप्ता, संजीव शर्मा , संगठन मंत्री पवन चौधरी, महेश कुमार निषाद, मदन लाल सोनकर, विक्रम सिंह, जगदीश शर्मा, मनोज कुमार, दीपक शर्मा ,अशरफ अली, विशाल सिंह, अवधेश शुक्ला, संदीप श्रीवास्तव ,धीरेंद्र चौहान, नरेंद्र श्रीवास्तव, गोपाल सिंह, राजकुमार ,रवि कुमार, सोनवीर सिंह सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी नेता मौजूद रहे।


Post a Comment

0 Comments