बोर्ड ट्रॉफी के डेब्यू मैच में
अर्जुन का शानदार शतक
✌ओडिशा के खिलाफ अंडर-19 मैच में यूपी की ओर से 160 रन पर है नाबाद
👍आगरा की क्रिकेट के लिए यह एक बेहतरीन और गर्व का अवसर
मुकेश उपाध्याय ( न्यूज़ स्ट्रोक )
आगरा। आप चुपचाप मेहनत करते रहें। जब आपको सफलता मिलेगी तो उसका शोर खुद ब खुद सब को सुनाई दे जाएगा। इसमें कोई दो राय नहीं कि सफलता भी उसी की तरफ़दार होती है, मेहनत जिसकी वफादार होती है। आगरा के युवा क्रिकेटर अर्जुन भारद्वाज की कहानी भी कुछ ऐसी ही है। स्थानीय स्तर पर मैच दर मैच रनों का अंबार लगाने के बावजूद उसे प्रदेश की टीम में खेलने का अवसर नहीं मिल पा रहा था। सभी को पता था कि अर्जुन में गजब का टैलेंट है। लेकिन शायद भाग्य साथ नहीं दे रहा था। इंतजार था मौके का जो आज आया। इस मौके का अर्जुन ने भरपूर फायदा उठाया और अपने बल्ले को गांडीव बनाकर पहली बार में ही रनों का अंबार लगा दिया।
अंडर-19 बोर्ड ट्रॉफी ( कूचबिहार क्रिकेट ) में आगरा के अर्जुन भारद्वाज ने शानदार डेब्यू किया है। अर्जुन के तरकश से निकला पहला तीर ही निशाने पर लगा। इससे बेहतर और कुछ नहीं हो सकता क्योंकि अपने करियर के पहले ही बोर्ड ट्रॉफी मैच में अर्जुन ने शतक (160 रन नाबाद ) जड़ा। ओडिशा के खिलाफ डेक्कन जिमखाना ग्राउंड पुणे में खेले जा रहे मैच में उत्तर प्रदेश ने 5 विकेट पर 335 रन बना लिए हैं। पहले दिन का खेल खत्म होने तक अर्जुन 160 पर नॉट आउट है। यह आगरा की क्रिकेट में भी एक रिकॉर्ड है। उम्मीद है कल अर्जुन अपने 200 रन पूरे कर पाएगा।
अर्जुन उस वक्त क्रीज पर आया जब ओडिशा के खिलाफ यूपी ने अपना पहला विकेट महज 4 गेंद बाद शून्य पर खो दिया था। अर्जुन पहला विकेट गिरने के बाद मैदान पर उतरे और उसके बाद उत्तर प्रदेश की पारी को पूरी तरह संभाल लिया। हालांकि इसके बाद दूसरा विकेट भी जल्दी 17 रन पर गिर गया। यूपी के कप्तान विपराज निगम 7 रन बनाकर आउट हो गए।
इसके बाद असल में शुरू हुई अर्जुन की कहानी। अर्जुन भारद्वाज ने अरानव बालियान (64) के साथ तीसरे विकेट के लिए 145 रन की भागीदारी की। इसके बाद चौथे विकेट के लिए अंश तिवारी (16)के साथ में 35 और पांचवें विकेट के लिए स्वास्तिक ( 54 रन ) के साथ 113 रन की भागीदारी की। इन दो शतकीय साझेदारियों के साथ अर्जुन ने टीम को 300 रन के पार पहुंचाया। अर्जुन ने अपना शतक (103 रन )183 गेंदों में पूरा किया। इस के बाद अपने 150 रन (151 रन ) तो 267 गेंद में पूरे किए। दिन का खेल खत्म होने पर अर्जुन 160 रन पर नाबाद है। इनमें अर्जुन ने 275 गेंदों का सामना किया है और 24 चौके लगाए हैं। अर्जुन के साथ मनीष सोलंकी 9 रन पर नाबाद हैं।
उम्मीद है कि अर्जुन कल दोहरा शतक बनाकर आगरा के क्रिकेट जगत को साल का एक और नायाब तोहफा देगा। यहां यह उल्लेखनीय है कि अर्जुन भारद्वाज आगरा में ताज स्पोर्ट्स क्रिकेट एकेडमी के प्रशिक्षु क्रिकेटर हैं । इस एकेडमी के प्रशिक्षक प्रवेश भारद्वाज हैं। भतीजे अर्जुन भारद्वाज और बेटे करन के लिए अपनी पुलिस की नौकरी छोड़ देने वाले प्रवेश भारद्वाज ने कड़ी मेहनत से ताज स्पोर्ट्स क्रिकेट एकेडमी को खड़ा किया है। सिर्फ करन और अर्जुन ही नहीं, इस एकेडमी में कई ऐसी प्रतिभा हैं जो आने वाले समय में आगरा की क्रिकेट में चमकेंगी। ताज स्पोर्ट्स एकेडमी इन दिनों माउंट लिट्रा जी स्कूल में संचालित है। अर्जुन के बल्ले से निकले हर रन के पीछे प्रवेश भारद्वाज के उस हौसले की ताकत है जो हवाओं के खिलाफ होने के बावजूद रंग लाई।
अर्जुन भारद्वाज के इस शानदार प्रदर्शन पर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन आगरा के पदाधिकारियों अध्यक्ष पूरन डावर, सचिव प्रकाश कौशल सहित सर्वेश भटनागर, विवेक यादव, चंद्रशेखर शर्मा, तजिंदर सिंह, तपेश शर्मा, समीर चतुर्वेदी, बलदेव भटनागर, मधुसूदन मिश्रा, रमन दीक्षित, केके शर्मा, निशात हुसैन, धीरज शर्मा, वकार अहमद, असीम पाल बाबुल, तपेश भारद्वाज, रूपेश भारद्वाज, कौशल शर्मा, रीनेश मित्तल, परवेंद्र यादव, मोहम्मद सद्दीक, केशव अग्रवाल, देवेश जैसवाल, मनोज कुशवाह, विशाल पांडे, अनीश राजपूत, नरेंद्र शर्मा और अशोक राजौरा आदि ने बधाई दी।

1 Comments
यह वही लड़का है जिसे सेलेक्ट नही किया गया था।। आज उन सबके मुंह बंद कर अर्जुन ने। शाबाश शेर
ReplyDelete